लाइव , एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी पर कंपनी ने साफ किया रुख़

एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि जेनसन हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने की उसकी कोई योजना नहीं है.

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह

  1. एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी पर कंपनी ने साफ किया रुख़

    कथित चीनी जासूस से संबंध के बाद जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दे दिया था
    इमेज कैप्शन, कथित चीनी जासूस से संबंध के बाद जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दे दिया था

    एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि जेनसन हुआंग को दोबारा सीईओ बनाने की उसकी कोई योजना नहीं है.

    हुआंग ने एक संदिग्ध चीनी जासूस सहित कथित संबंधों की ख़बरें सामने आने के बाद इस्तीफ़ा दिया था.

    कंपनी के चेयरमैन हार्वी जोन्स ने मंगलवार को कहा, ''बोर्ड का उन्हें दोबारा नियुक्त करने का इरादा नहीं है.''

    इससे पहले मंगलवार को हुआंग ने कहा था कि अगर उन्हें एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए वापस बुलाया जाता है, तो यह उनके लिए ''सम्मान की बात'' होगी.

    हुआंग के जाने के बाद जारी कंपनी के पहले वित्तीय नतीजों में तिमाही बिक्री एक साल पहले के मुक़ाबले दोगुनी होकर 115.8 अरब डॉलर पहुंच गई. पहली बार कंपनी की तिमाही बिक्री 100 अरब डॉलर के पार गई है.

    25 अक्तूबर को समाप्त हुई तिमाही में कंपनी का मुनाफ़ा भी दोगुना होकर 65 अरब डॉलर रहा. नतीजों के बाद नियमित कारोबार बंद होने के बाद की ट्रेडिंग में कंपनी के शेयर 4.8 फ़ीसदी चढ़े.

  2. कुवैत में ड्रोन हमलों का अलर्ट, सेना ने एक्टिवेट किया एयर डिफ़ेंस सिस्टम

    कुवैती सेना के मुताबिक़, देश में सुनाई दे रही धमाकों की आवाज़ें ड्रोन हमलों को रोकने की कार्रवाई के कारण हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, कुवैती सेना के मुताबिक़, देश में सुनाई दे रही धमाकों की आवाज़ें ड्रोन हमलों को रोकने की कार्रवाई के कारण हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कुवैत की सेना ने कहा है कि देश की हवाई रक्षा प्रणालियां ड्रोन हमलों का मुकाबला कर रही हैं.

    कुवैत आर्मी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “कुवैत की हवाई रक्षा प्रणालियां इस समय शत्रुतापूर्ण ड्रोन हमलों का मुकाबला कर रही हैं.”

    कुवैती सेना के जनरल स्टाफ के मुताबिक़, सुनाई दे रही धमाकों की आवाज़ें हवाई रक्षा प्रणालियों की ओर से इन हमलों को रोकने की कार्रवाई के कारण हैं.

    बीबीसी फ़ारसी से मिली जानकारी के मुताबिका, ईरानी मीडिया ने “अरब सूत्रों” के हवाले से कुवैत में कई विस्फोटों की ख़बर दी है.

    पिछले कुछ दिनों में ईरान ने बहरीन में अमेरिकी रडार ठिकानों पर हमले की घोषणा की थी. उसने इसे केशम और सिरिक समेत खाड़ी के तटीय इलाक़ों में अमेरिकी हवाई हमलों का जवाब बताया था.

    ईरान ने चेतावनी दी है कि उसके देश पर हमला होने की स्थिति में वह क्षेत्र और उससे बाहर भी अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है.

  3. महिंद्रा ने जीता अर्थशॉट पुरस्कार, कंपनी ने प्रिंस विलियम की पहल को सराहा

    प्रिंस विलियम की ओर से स्थापित अर्थशॉट पुरस्कार में हर साल पांच विजेताओं को अपने कार्य-योजना के विस्तार के लिए 10–10 लाख पाउंड दिए जाते हैं
    इमेज कैप्शन, प्रिंस विलियम की ओर से स्थापित अर्थशॉट पुरस्कार में हर साल पांच विजेताओं को अपने कार्य-योजना के विस्तार के लिए 10–10 लाख पाउंड दिए जाते हैं

    ब्रिटेन के प्रिंस विलियम की ओर से स्थापित अर्थशॉट पुरस्कार 2026 में महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी लिमिटेड ने ‘क्लीन आवर एयर’ यानी हवा साफ़ करने की श्रेणी में जीत हासिल की है.

    कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, उसे छोटे इलेक्ट्रिक व्यावसायिक वाहनों का इस्तेमाल बढ़ाने और इन्हें ड्राइवरों व छोटे कारोबारियों की पहुंच में लाने के प्रयासों के लिए यह पुरस्कार मिला है.

    महिंद्रा समूह के सीईओ और एमडी डॉ. अनीश शाह ने प्रिंस विलियम की पहल की सराहना की.

    उन्होंने कहा, ''हम ऐसा मंच बनाने में प्रिंस विलियम के नेतृत्व की सराहना करते हैं.”

    प्रिंस विलियम की ओर से शुरू किया गया अर्थशॉट पुरस्कार हर साल पर्यावरण से जुड़े पांच क्षेत्रों में 15 फ़ाइनलिस्ट चुनता है.

    ये क्षेत्र हैं पर्यावरण सुरक्षा और बहाली, हवा साफ़ करना, महासागरों को फिर से स्वस्थ बनाना, कचरा-मुक्त दुनिया बनाना और जलवायु संकट से निपटना.

    इनमें से हर साल पांच विजेता चुने जाते हैं. प्रत्येक विजेता को अपने कार्य-योजना के विस्तार के लिए 10 लाख पाउंड मिलते हैं.

    सभी 15 फ़ाइनलिस्ट एक साल के अर्थशॉट फ़ेलोशिप कार्यक्रम में भी शामिल होते हैं.

    महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी का कहना है कि उसने भारत में चार लाख से अधिक इलेक्ट्रिक व्यावसायिक वाहन बेचे हैं. ये वाहन कुल मिलाकर नौ अरब किलोमीटर से अधिक चले हैं और इनसे लगभग एक लाख 85 हज़ार मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन से बचने में मदद मिली है.

    कंपनी पुरस्कार की रकम से सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर महिला ड्राइवरों को प्रशिक्षण देने और किफ़ायती कर्ज़ तक उनकी पहुंच बढ़ाने पर काम करेगी.

    इसके अलावा, कम सुविधाओं वाले इलाक़ों में चार्जिंग की व्यवस्था बढ़ाने और अर्थशॉट के दूसरे फ़ाइनलिस्टों के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक रिक्शे की पहुंच को बढ़ाने की योजना है.

    कंपनी की एमडी और सीईओ सुमन मिश्रा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से लड़ने की कोशिशों से लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी भी बेहतर होनी चाहिए.

  4. रूस में सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी 19 लोगों की मौत

    रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, केमेरोवो क्षेत्र में एन-12 सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से सभी 19 लोगों की मौत हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, रूसी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक़, केमेरोवो क्षेत्र में एन-12 सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से सभी 19 लोगों की मौत हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस के साइबेरिया में एक सैन्य मालवाहक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी 19 लोगों की मौत हो गई है. रूसी सरकारी मीडिया ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से यह जानकारी दी है.

    मंत्रालय के मुताबिक़, एन-12 विमान मंगलवार को नियमित उड़ान के दौरान केमेरोवो क्षेत्र के एक सुनसान इलाक़े में गिर गया.

    शुरुआती तौर पर तकनीकी ख़राबी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है. रूस के विमानन अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है.

    स्थानीय गवर्नर इल्या सेरेड्युक ने बताया कि विमान यागुनोवो गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ. आपातकालीन टीम ने घटनास्थल पर लगी आग पर जल्द काबू पा लिया और पुलिस ने इलाक़े की घेराबंदी कर दी.

    घटनास्थल का दौरा करने वाले सेरेड्युक ने कहा कि एक हेलीकॉप्टर और चिकित्सा सुविधाओं को तैयार रखा गया है. उनके मुताबिक़, अब मुख्य काम जांचकर्ताओं की मदद करना है.

    गवर्नर ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें दमकलकर्मी विमान का मलबा लग रहे हिस्सों के बीच तलाश करते दिखे. पास में कई एंबुलेंस भी खड़ी थीं.

    सोशल मीडिया पर साझा सीसीटीवी फ़ुटेज में दूर आसमान से एक चमकती चीज गिरती दिखाई दी. हालांकि, दूरी अधिक होने के कारण विमान के ज़मीन से टकराने की तस्वीर साफ़ नहीं दिखी.

    बीबीसी और समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने फ़ुटेज की तारीख़ और समय की पुष्टि की है. रॉयटर्स ने आसपास की तस्वीरों की सैटेलाइट तस्वीरों से मिलान करके जगह की भी पुष्टि की.

    फ़िलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कोई माल लदा था या नहीं.

    रूसी सेना एन-12 विमानों का इस्तेमाल हथियार और कर्मियों को लाने-ले जाने के अलावा खोज और बचाव अभियानों में भी करती है.

  5. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा. कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू वोटर ग़ायब होने के दावे और निर्वाचन आयोग के जवाब पर विपक्ष हमलावर